सोमवार, 21 मार्च 2022

√अनुष्टुप्छन्दः/अनुष्टुप छन्द (संस्कृत-हिन्दी में एक साथ)

         ।।अनुष्टुप छन्द।।
संस्कृत में लक्षण:-
श्लोके षष्ठं गुरु ज्ञेयं सर्वत्र लघु पंचमम्।
द्विचतुष्पादयोर्ह्रस्वं सप्तमं दीर्घमन्ययोः॥
हिन्दी में लक्षण :-
हो अनुष्टुप बत्तीसा,चरण आठ वर्ण से।
हो पाँचवाँ सदा छोटा, विषम-सम मार से।।
 अर्थात
अनुष्टुप छन्द बत्तीस वर्णों का वर्णवृत्त छन्द है।इसके चारों चरणों में आठ-आठ वर्ण होते हैं।सभी चरणों का पाँचवां वर्ण हमेशा लघु ही रहता है। विषम चरण अर्थात पहले और तीसरे चरण मगण SSS से समाप्त होतें हैं।
सम चरण अर्थात दूसरे और चौथे चरण रगण SIS से समाप्त होते हैं।अन्य वर्णों के साथ नियम की बाध्यता नहीं होती।
नोट:-  मार= मगण और रगण ,मा विषम चरणों के लिए और र सम चरणों के लिए आया है।
उदाहरण:-संस्कृत में
1-मा निषाद प्रतिष्ठां त्वमगमः शाश्वतीः समाः।         यत्क्रौंचमिथुनादेकमवधी काममोहितम्।।
2-उद्यमः साहसं धैर्यं बुद्धिः शक्तिः पराक्रमः।
   षडेते यत्र वर्तन्ते तत्र देवः सहायकृत्।।
3-वर्णानामर्थसंघानां रसानां छन्दसामपि।
 मंगलानां च कर्त्तारौ वन्दे वाणीविनायकौ॥
 उदाहरण:-  हिन्दी में
1-राष्ट्रधर्म कहावे क्या, पहले आप जानिये ।
 मेरा देश धरा मेरी, मन से आप मानिये।
2-हो पत्नी तब सीता सी, हो पति जब राम सा।
हो ज्ञान तब गीता सा, हो श्रोता जब पार्थ सा।।
                   ।। धन्यवाद ।।
।। अनुष्टुप छंद।।
अनुष्टुप छंदआठ अक्षरों वाला समवृत्त छंद है।
लक्षण-----
पञ्चमं लघु सर्वत्र सप्तमं द्विचतुर्थयोः।
गुरु षष्ठं च पादानां शेषेष्वनियमो मतः।।
 या
श्लोके षष्ठं गुरुर्ज्ञेयं सर्वत्र लघु पञ्चमम् । 
द्विचतुष्पादयोर्ह्रस्वं सप्तमं दीर्घमन्ययोः ॥


यहाँ ध्यान रखें कि दूसरा लक्षण अधिक
प्रसिद्ध है लेकिन दोनों का हिन्दी अर्थ 
एक ही है जो निम्नलिखित है...और यही
अनुष्टुप छंद की परिभाषा भी है।

परिभाषा:-

       अनुष्टुप छंद में चार चरण होते हैं। 
इन चारों चरणों में पाँचवाँ अक्षर लघु और 
छठा अक्षर गुरु होता है। दूसरे और चौथे
इन दोनों सम चरणों में सातवाँ अक्षर लघु
तथा अन्य में अर्थात् पहले और तीसरे इन 
दोनों विषम चरणों में सातवाँ अक्षर गुरु
होता है । बाकी के अक्षरों के लिए 
लघु-गुरु का कोई नियम निश्चित नहीं है। 
इन लक्षणों से युक्त छंद अनुष्टुप् छन्द 
कहलाता है।

संस्कृत में इस छंद का नाम अनुष्टुभ् भी
है।लेकिन हिन्दी में यह केवल अनुष्टुप के
रूप में ही लिखा-पढ़ा जाता है। 

विशेषः-
उक्त दोनों लक्षण वाले श्लोक 
लक्षण के साथ ही साथ उदाहरण भी हैं।

अलग से भी उदाहरणों को देखते हैं...

उदाहरण –

1.उद्यमः साहसं धैर्यं बुद्धिः शक्तिः पराक्रमः।
   षडेते यत्र वर्तन्ते तत्र देव सहायकृत्।।

अर्थात् उद्यम, साहस, धैर्य, बुद्धि, शक्ति और
पराक्रम जहाँ ये छः होते हैं, वहाँ देवता
सहायता करते हैं। यहाँ चार चरण हैं।
प्रत्येक में आठ-आठ अक्षर हैं।
प्रथम चरण का पाँचवाँ अक्षर ‘ह’ और
छठा अक्षर ‘सं’ क्रम से लघु और गुरु हैं।
इसी प्रकार बाकी के तीनों चरणों में
पाँचवाँ और छठा अक्षर क्रमशः लघु
और गुरु हैं। दूसरे और चौथे चरण में
सातवाँ अक्षर (क्र और य) लघु हैं
और पहले तथा तीसरे चरण के
सातवें वर्ण क्रमशः धै और तन् गुरु हैं। 
इस प्रकार उपर्युक्त श्लोक में अनुष्टुप
के सभी लक्षण बिलकुल सही हैं और 
इस श्लोक में अनुष्टुप छंद है।

इसी प्रकार का वर्ण संयोजन हम
सभी अनुष्टुप छंद के श्लोकों/पद्यों 
में पाते हैं।अन्य उदाहरण भी देखें 
और याद कर लेवें

2.पतितैः पतमानैश्च, पादपस्थैश्च मारुतः ।
  कुसुमैः पश्य सौमित्रे ! क्रीडन्निव समन्ततः ॥

3.संगच्छध्वं संवदध्वं सं वो मनांसि जानताम् ।
   देवा भागं यथा पूर्वे संजानाना उपासते ॥

4.ईशावास्यमिदं सर्वं यत्किञ्च जगत्यां जगत्।
   तेन त्यक्तेन भुञ्जीथा मा गृधः कस्यस्विद्धनम्॥

5.वर्णानामर्थसंघानां रसानां छन्दसामपि।
  मङ्गलानां च कर्त्तारौ वन्दे वाणीविनायकौ।

6.मा निषाद प्रतिष्ठां त्वमगमः शाश्वतीः समाः ।
  यत्क्रौंचमिथुनादेकमवधी काममोहितम् ।।

श्रीमद्भगवद्गीता इन प्रसिद्ध श्लोकों को
आप जरूर देखें....और याद करें...
 
7.यदा यदा हि धर्मस्य ग्लानिर्भवति भारत ।
  अभ्युत्थानमधर्मस्य तदात्मानं सृजाम्यहम्‌ ॥ 

8.परित्राणाय साधूनां विनाशाय च दुष्कृताम्‌ ।
    धर्मसंस्थापनार्थाय सम्भवामि युगे युगे ॥ 

मृत्युंजय मंत्र को भी जरूर देखें.

9.ॐ त्र्यम्बकं यजामहे 
 सुगन्धिं पुष्टिवर्धनम् । 
 उर्वारुकमिव बन्धनान् 
 मृत्योर्मुक्षीय मामृतात् ॥

हिन्दी:

हिन्दी में भी इस छंद के लक्षण
एवं परिभाषा संस्कृत की तरह ही हैं।

उदाहरण:

राष्ट्रधर्म कहावे क्या, पहले आप जानिये ।
 मेरा देश धरा मेरी, मन से आप मानिये ।।

यहाँ आप पायेंगे कि इस पद्य के सभी 
चरणों के पांचवें वर्ण लघु हैं और छठें वर्ण 
गुरु हैं। सम चरणों अर्थात् द्वितीय और
चतुर्थ चरणों के सातवें वर्ण लघु हैं और 
विषम चरणों अर्थात् प्रथम एवं तृतीय 
चरणों के सातवें वर्ण गुरु हैं। इसलिए 
इस पद्य में अनुष्टुप छंद है।

।। धन्यवाद ।।


शनिवार, 12 फ़रवरी 2022

।। अनुप्रास अलंकार ।।

                 ।।अनुप्रास अलंकार।।
           अनुप्रास अलंकार एक प्रमुख शब्दालंकार है।अनुप्रास शब्द ‘अनु’ तथा ‘प्रास’ शब्दों के योग से बना है। ‘अनु’ का अर्थ है :- बार-बार तथा ‘प्रास’ का अर्थ है- वर्ण। अर्थात वर्णों की आवृत्ति को अनुप्रास कहते है। आवृत्ति का अर्थ  है किसी वर्ण का एक से अधिक बार आना है।
            अतः अनुप्रास अलंकार की परिभाषा बनती है कि"जब काव्य में एक या अनेक वर्ण बार-बार समीपता से आते हैं  तब वहाँ अनुप्रास अलंकार होता है।"
 उदाहरण :-
1-चारु चन्द्र की चंचल किरणें खेल रही थीं जल थल में।
2-चंदू के चाचा ने चंदू की चाची को चाँदी के चम्मच से      चटाचट चटनी चटाई।
3- खङ्गसिंह  के खङकने से खङकती हैं खिङकियाँ।          खिङकियों के खङकने से खङकता है खङ्गसिंह।। अनुप्रास अलंकार के पाँच भेद हैं
1-छेकानुप्रास     2-वृत्यानुप्रास       3-श्रुत्यानुप्रास    4-लाटानुप्रास     5-अन्त्यानुप्रास
   (1)  छेकानुप्रास  अलंकार
       जब काव्य में एक या अनेक वर्णों की एक ही बार आवृत्ति हो( दो बार ही आयें)तो वहाँ छेकानुप्रास अलंकार होता है।छेक का शाब्दिक अर्थ है चतुर। अतः इसे छेकानुप्रास अलंकार कहते हैं।
उदाहरण :-
1-कानन कठिन भयंकर भारी। घोर घाम हिम बार-बयारी।।       
  प्रस्तुत पद में ’क’’भ’’घ’ एवं ’ब’ वर्णों का दो-दो बार प्रयोग (एक बार आवृत्ति) हुआ है, इसलिए यहाँ छेकानुप्रास अलंकार है।अन्य उदाहरण भी देखें--
2- मोहनी मूरत साँवरी सूरत, नैना बने बिसाल।
3- अति आनन्द मगन महतारी।
4- कंकन किंकिनि नूपुर धुनि सुनि।
    कहत लखन सन रामु  हृदयँ गुनि।
    मानहुँ   मदन    दुंदुभी   दीन्ही।
    मनसा बिस्व बिजय कहँ कीन्ही॥
5-पास प्रियतम आन बैठो, जीर्ण जीवन नाव में।
6- परम पुनीत भरत-आचरनू।

शनिवार, 29 जनवरी 2022

√पर्यायवाची शब्द सुबह के

      ।।  सुबह के पर्यायवाची शब्द  ।।
          ( दो दोहों में  23  पर्याय)
अरुणोदय प्रातःकाल,उषा प्रभात फजर।
प्रातः सकार भिनसार,निशान्त तड़का सहर।।1।।
अलस्सुबह ब्रह्ममुहूर्त,सुबह सबेरा डॉन।
दिनमुख सकाल प्रात पौ,मॉर्निंग भोर विहान।।2।।
इन दोनों दोहों के सभी के सभी  23 पद सुबह के पर्याय हैं।
              ।।    धन्यवाद   ।।

√पर्यायवाची शब्द राक्षस के

        ।।पर्यायवाची शब्द राक्षस के।।
       (दो दोहों में 2×11=22 पर्यायवाची)
राक्षस सुरारि अमरारि,दैत्य दितिज निशाचर।
यातुधान दानव दनुज,देवारि रजनीचर ।।1।।
निशिचर तमचर ध्वांतचर,दितिसुत असुर शक्रारि।
मॉन्सटर(monster)  डिमन(demon) देवरिपु,
शुक्र शिष्य इन्द्रारि।।2।।
             ।। धन्यवाद।।

√पर्यायवाची शब्द देवता के

पर्यायवाची शब्द देवता के
देव देवता दनुजारि,दानवारि  शुभेश्वर
आकाशचारी अमर्त्य,अस्वप्न अजर अमर।।1।।
 वृदारक अदितिनन्दन ,असुरारि अनन्तचर  ।
गगनगामी  व विश्वरुप,विविध लेख गगनचर।।2।।

सोमवार, 24 जनवरी 2022

पर्यायवाची शब्द चन्द्रमा के

         ।।पर्यायवाची शब्द चन्द्रमा के।।
         (पाँच दोहों में 48 पर्याय)
रोहिणीपति औषधिपति ,निशापति निशानाथ।
कुमुदबन्धु तारकेश्वर,निशाकर निशिनाथ।।1।।
ग्रहराज चन्द्र चाँद,क्षपाकर क्षपानाथ।
अमीकर शशांक चंदा,निशाकान्त तमनाथ।।2।।
अत्रिज हिमांशु सुधाकर,निशिकर नक्षत्रनाथ।
ताराधीश तुषारांशु,उडपति तारानाथ।।3।।
छायांक तमोहर सोम,मृगलांक्षन कलाधर।
सुधांशु मृगांक महताब,अंशुमाली शशधर।।4।।
दधिसुत मयंक सारंग,दोषाकर विभाकर।
हिमकर शितांशु इंदु शशि,उडुराज रजनीकर।।5।।

                  ।। धन्यवाद।।
      

रविवार, 23 जनवरी 2022

ब्राह्मण के पर्यायवाची शब्द

।।ब्राह्मण के पर्यायवाची शब्द।।
अग्रजन्मा द्विजाति विप्र,
   द्विज महिसुर महिदेव।
ब्राह्मण भूसुर भूमिसुर,
        भूमिदेव    भूदेव।।
    ।। धन्यवाद।।
#man manas gstacademy synonyms of brahmin
#ब्राह्मण पर्यायवाची शब्द
#synonyms of brahmin