रविवार, 27 जून 2021

।। व्याघात अलंकार।।

           ।।  व्याघात अलंकार  ।।
परिभाषा:-अन्य किसी कारण के विरोधी नहीं होने पर भी जहाँ कारण कार्य का उत्पादन नहीं करता वहाँ    व्याघात अलंकार होता है।
उदाहरण:-
नाम प्रभाव जान शिव नीको। 
कालकूट फल दीन्ह अमी को॥


             ।।नमोराघवाय।।

।।विशेष अलंकार।।

          ।।  विशेष अलंकार ।।
परिभाषा:-आधेय का आधारहीन होना,एक का अनेक गोचर होना तथा असम्भाभ्य वतस्यन्तर का निष्पादन होना विशेष अलंकार होता है।
उदाहरण:-
1.नख आयुध गिरि पादपधारी।
   चले गगन महि इच्छाचारी॥
2.सतीं दीख कौतुकु मग जाता।
    आगें रामु सहित श्री भ्राता॥
     फिरि चितवा पाछें प्रभु देखा। 
      सहित बंधु सिय सुंदर बेषा॥
     जहँ चितवहिं तहँ प्रभु आसीना। 
     सेवहिं सिद्ध मुनीस प्रबीना॥
3.मूदहु नयन बिबर तजि जाहू। 
   पैहहु सीतहि जनि पछिताहू।।
   नयन मूदि पुनि देखहिं बीरा।
    ठाढ़े सकल सिंधु कें तीरा।।
             ।। धन्यवाद।।

।। अन्योन्य अलंकार ।।

        ।।       अन्योन्य अलंकार       ।।
परिभाषा:- दो पदार्थ यदि एक ही क्रिया परस्पर करें, तो अन्योन्य अलंकार होता है।
उदाहरण:-
1.राम तुम्हहि प्रिय तुम प्रिय रामही।
   यह निरजोसु दास बिधि बामही।।
2.भए कामबस जोगीस तापस पावँरन्हि की को कहै।
देखहिं चराचर नारिमय जे ब्रह्ममय देखत रहे॥
अबला बिलोकहिं पुरुषमय जगु पुरुष सब अबलामयं।
दुइ दंड भरि ब्रह्मांड भीतर कामकृत कौतुक अयं॥
              ।। धन्यवाद ।।

।।अधिक अलंकार।।

         ।।अधिक अलंकार।।
परिभाषा:- आधार और आधेय में किसी एक का आधिक्य वर्णन अधिक अलंकार कहलाता है।
उदाहरण:-
1.ब्रह्मांड निकाया निर्मित माया रोम रोम प्रति बेद कहै।
  मम उर सो बासी यह उपहासी सुनत धीर पति थिर न    रहै।।
2.देखरावा मातही निज ,अद्धभुत रूप अखण्ड।  
    रोम -रोम प्रति लागे, कोटि- कोटि ब्रह्मांड।।
                    ।। धन्यवाद।।
 

।।विचित्र अलंकार।।

          ।। विचित्र अलंकार।।
परिभाषा:- अपने कारण से विपरीत फल की प्राप्ति के लिए प्रयत्न  विचित्र अलंकार है।
उदाहरण:-
1.जान आदिकबि नाम प्रतापू। 
  भयउ सुद्ध करि उलटा जापू॥
2. मुनि हित कारन कृपानिधाना।
     दीन्ह कुरूप न जाइ बखाना।।
                   ।। धन्यवाद।।

।।सम अलंकार।।

        ।। सम अलंकार।।
परिभाषा:- दो वस्तुओं में योग्य रूप से सम्बन्ध वर्णन को  सम  अलंकार  कहते हैं।
उदाहरण:-
1.मो सम दीन न दीन हित तुम्ह समान रघुबीर।
 अस बिचारि रघुबंस मनि हरहु बिषम भव भीर॥
2.भलो भलाइहि पै लहइ लहइ निचाइहि नीचु।
  सुधा सराहिअ अमरताँ गरल सराहिअ मीचु।।
                ।।    धन्यवाद     ।।

*जगत का पालनहार*

             *जगत का पालनहार*

किसी नगर में एक सेठ जी रहते थे, उनके घर के नजदीक ही एक मंदिर था। एक रात्रि को पुजारी के कीर्तन की ध्वनि के कारण उन्हें ठीक से नींद नहीं आयी.... 
सुबह उन्होंने पुजारी जी को खूब डाँटा कि - यह सब क्या है?

पुजारी - एकादशी का जागरण कीर्तन चल रहा था...!! 

सेठजी - जागरण कीर्तन करते हो, तो क्या हमारी नींद हराम करोगे ? अच्छी नींद के बाद ही व्यक्ति काम करने के लिए तैयार हो पाता है, फिर कमाता है, तब खाता है।

पुजारी - सेठजी ! खिलाता तो वह खिलाने वाला ही है,

सेठजी - कौन खिलाता है ? क्या तुम्हारा भगवान खिलाने आयेगा ?

पुजारी - वही तो खिलाता है, 

सेठजी - क्या भगवान खिलाता है ? हम कमाते हैं, तब खाते हैं...

पुजारी - निमित्त होता है तुम्हारा कमाना, और पत्नी का रोटी बनाना, बाकी सब को खिलाने वाला, सब का पालनहार तो वह बिहारी ही है, 

सेठजी - क्या पालनहार-पालनहार लगा रखा है ! बाबा आदम के जमाने की बातें करते हो, क्या तुम्हारा पालने वाला एक - एक को आकर खिलाता है ? हम कमाते हैं, तभी तो खाते हैं, 

पुजारी - सभी को वही खिलाता है, 

सेठजी - हम नहीं खाते उसका दिया...

पुजारी - नहीं खाओ तो मारकर भी खिलाता है, 

सेठ - पुजारी जी ! अगर तुम्हारा भगवान मुझे चौबीस घंटों में नहीं खिला पाया तो फिर तुम्हें अपना यह भजन कीर्तन सदा के लिए बंद करना होगा, 

पुजारी -मैं जानता हूँ कि तुम्हारी पहुँच बहुत ऊपर तक है, लेकिन उसके हाथ बड़े लम्बे हैं, जब तक वह नहीं चाहता, तब तक किसी का बाल भी बाँका नहीं हो सकता, आजमाकर देख लेना....

पुजारी की निष्ठा परखने के लिये सेठ जी घोर जंगल में चले गये और एक विशालकाय वृक्ष की ऊँची डाल पर ये सोचकर बैठ गये कि अब देखता हूँ, इधर कौन खिलाने आता है ? चौबीस घंटे बीत जायेंगे और पुजारी की हार हो जायेगी। सदा के लिए कीर्तन की झंझट मिट जायेगी...

तभी एक अजनबी आदमी वहाँ आया... उसने उसी वृक्ष के नीचे आराम किया, फिर अपना सामान उठाकर चल दिया, लेकिन अपना एक थैला वहीं भूल गया। भूल गया या छोड़ गया, ये ईश्वर ही जाने....

थोड़ी देर बाद पाँच डकैत वहाँ पहुँचे, उनमें से एक ने अपने सरदार से कहा, - उस्ताद ! यहाँ कोई थैला पड़ा है, 

क्या है ? जरा देखो ! खोल कर देखा, तो उसमें गरमा-गरम भोजन से भरा टिफिन था ! उस्ताद भूख लगी है, लगता है यह भोजन भगवान ने हमारे लिए ही भेजा है...

अरे ! तेरा भगवान यहाँ कैसे भोजन भेजेगा ? हम को पकड़ने या फँसाने के लिए किसी शत्रु ने ही जहर-वहर डालकर यह टिफिन यहाँ रखा होगा, अथवा पुलिस का कोई षडयंत्र होगा, इधर - उधर देखो जरा, कौन रखकर गया है... उन्होंने इधर-उधर देखा, लेकिन कोई भी आदमी नहीं दिखा, तब डाकुओं के मुखिया ने जोर से आवाज लगायी, कोई हो तो बताये कि यह थैला यहाँ कौन छोड़ गया है ?

सेठजी ऊपर बैठे-बैठे सोचने लगे कि अगर मैं कुछ बोलूँगा तो ये मेरे ही गले पड़ जायेंगे... वे तो चुप रहे,लेकिन जो सबके हृदय की धड़कनें चलाता है, भक्तवत्सल है, वह अपने भक्त का वचन पूरा किये बिना शान्त नहीं रह सकता...

उसने उन डकैतों को प्रेरित किया उनके मन में प्रेरणा दी कि .. 'ऊपर भी देखो, उन्होंने ऊपर देखा तो वृक्ष की डाल पर एक आदमी बैठा हुआ दिखा, डकैत चिल्लाये - अरे ! नीचे उतर!

सेठजी बोले - मैं नहीं उतरता, 

डकैत - क्यों नहीं उतरता, यह भोजन तूने ही रखा होगा.

सेठजी - मैंने नहीं रखा, कोई यात्री अभी यहाँ आया था, वही इसे यहाँ भूलकर चला गया,

डकैत - नीचे उतर! तूने ही रखा होगा जहर मिलाकर, और अब बचने के लिए बहाने बना रहा है, अब तुझे ही यह भोजन खाना पड़ेगा.... 

सेठजी - मैं नीचे नहीं उतरूँगा और खाना तो मैं कतई नहीं खाऊँगा, 

डकैत - पक्का तूने खाने में जहर मिलाया है, अब नीचे उतर और ये तो तुझे खाना ही होगा, 

सेठजी - मैं नहीं खाऊँगा, नीचे भी नहीं उतरूँगा, 

अरे कैसे नहीं उतरेगा, सरदार ने एक आदमी को हुक्म दिया इसको जबरदस्ती नीचे उतारो... डकैत ने सेठ को पकड़कर नीचे उतारा... 

डकैत - ले खाना खा!

सेठ जी - मैं नहीं खाऊँगा, 

उस्ताद ने चटाक से उसके मुँह पर तमाचा जड़ दिया... सेठ को पुजारी जी की बात याद आ गयी कि - नहीं खाओगे तो, मारकर भी खिलायेगा....

सेठ फिर भी बोला - मैं नहीं खाऊँगा... 

डकैत - अरे कैसे नहीं खायेगा ! इसकी नाक दबाओ और मुँह खोलो, डकैतों ने सेठ की नाक दबायी, मुँह खुलवाया और जबरदस्ती खिलाने लगे, वे नहीं खा रहे थे, तो डकैत उन्हें पीटने लगे... 

तब सेठ जी ने सोचा कि ये पाँच हैं और मैं अकेला हूँ, नहीं खाऊँगा तो ये मेरी हड्डी पसली एक कर देंगे, इसलिए 

चुपचाप खाने लगे और मन-ही-मन कहा - मान गये मेरे बाप ! मार कर भी खिलाता है!

डकैतों के रूप में आकर खिला, चाहे भक्तों के रूप में आकर खिला लेकिन खिलाने वाला तो तू ही है, आपने पुजारी की बात सत्य साबित कर दिखायी.... 

सेठजी के मन में भक्ति की धारा फूट पड़ी...उनको मार-पीट कर ... डकैत वहाँ से चले गये, तो सेठजी भागे और पुजारी जी के पास आकर बोले -

पुजारी जी ! मान गये आपकी बात... कि नहीं खायें तो वह मार कर भी खिलाता है....!!!

सार - सत्य यही है कि परमात्मा  ही जगत की व्यवस्था का कुशल संचालन करते हैं । अतः परमात्मा पर विश्वास ही नहीं, बल्कि दृढ़ विश्वास होना चाहिए.
साभार
                ।।   जय श्री राम     ।।