शुक्रवार, 16 जुलाई 2021

।।परिसंख्या अलंकार।।

      ।।परिसंख्या अलंकार।।               ।। Special mention।।

 परिसंख्या  अलंकार-Special mention:-

      एक वस्तु की अनेकत्र संभावना होने पर भी, उसका अन्यत्र निषेध कर, एक स्थान में नियमन 'परिसंख्या' अलंकार कहलाता है 

एकस्यानेकत्रप्राप्तावेकत्रनियमनं परिसंख्या- रुय्यक : अलंकारसर्वस्व।

परिसंख्या (परि + संख्या) में 'परि' वर्जनार्थ अव्यय है तथा 'संख्या' का अर्थ है 'बुद्धि' । इस प्रकार 'परिसंख्या' का अर्थ हुआ- वर्जन-बुद्धि, अर्थात किसी वस्तु का निषेध। कोई वस्तु दूसरी जगहों में भी पायी जा सकती है, उसी का निषेध कर एक स्थान में नियमन परिसंख्या है।

       जहाँ किसी वस्तु का दूसरे स्थानों में निषेध कर किसी एक विशेष स्थान पर होना कहा जाय , वहाँ परिसंख्या अलंकार होता है।

उदाहरण-

दंड जतिन कर भेद जहँ नर्तक नृत्य समाज।
ज़ीतौ मनसिज सुनिय अस रामचंद्र के राज।।

'दंड', 'भेद', 'जीत' का अन्य जगहों से निषेध कर 'जतिनकर', 'नर्तक नृत्य समाज' 'मनसिज' में नियमन करना परिसंख्या है।

भागेउ बिबेकु सहाय सहित सो सुभट संजुग महि मुरे।
सदग्रंथ पर्बत कंदरन्हि महुँ जाइ तेहि अवसर दुरे॥

यहाँ विवेक, ज्ञान,वैराग्य का अन्य स्थानों पर निषेध करके केवल सद्ग्रन्थों में नियमन किया गया है अतः यहाँ भी परिसंख्या अलंकार है।

     अति चंचल जहँ चलदलै , विधवा बनी न नारि ।
      मन मोह्यो रिसिराज को, अद्धभुत नगर निहारि ।।
 यहां पर अवधपुरी में चंचलता केवल पीपल के पत्तों में पाई जाती है, अन्यत्र नहीं 
 इसी प्रकार ____
       मूलन ही की जहाँ अधोगति केसव गाइय  ।
       होम हुतासन धूम नगर एकै मालिनाइय ।।
       दुर्गति दुर्गन ही जो, कुटिल गति सरितन ही मेँ ।
     श्रीफल को अभिलाष प्रकट कविकुल के जी मेँ ।।
      यहाँ पर भी अधोगति केवल जड़ो की ही है, होम धूम की ही मलिनता है, दुर्गति दुर्गन ही की है, कुटिल गति नदियों की ही है आदि आदि ।
राम के राज्य में वक्रता केवल सुन्दरियों के कटाक्ष में थी।


                    ।।धन्यवाद।।



।।पर्याय अलंकार।।

                 ।।पर्याय अलंकार।।
     जहाँ एक वस्तु की अनेक वस्तुओं में अथवा अनेक वस्तुओं की एक वस्तु में क्रम से (काल-भेद से) स्थिति का वर्णन हो वहां पर्याय अलंकार होता है।यह एक वाक्य न्यायमूलक अलंकार है।                                    इसके  मुख्य दो भेद हैं--                       
 1.एक वस्तु की अनेक वस्तुओं में क्रमशः स्थिति
जागबलिक जो कथा सुहाई। 
भरद्वाज मुनिबरहि सुनाई॥
कहिहउँ सोइ संबाद बखानी।
 सुनहुँ सकल सज्जन सुखु मानी॥
संभु कीन्ह यह चरित सुहावा। 
बहुरि कृपा करि उमहि सुनावा॥
सोइ सिव कागभुसुंडिहि दीन्हा। 
राम भगत अधिकारी चीन्हा॥
तेहि सन जागबलिक पुनि पावा। 
तिन्ह पुनि भरद्वाज प्रति गावा॥
 2.अनेक वस्तुओं की एक वस्तु में क्रमशः स्थिति
देखे सिव बिधि बिष्नु अनेका।
 अमित प्रभाउ एक तें एका॥
बंदत चरन करत प्रभु सेवा। 
बिबिध बेष देखे सब देवा॥
सती बिधात्री इंदिरा देखीं अमित अनूप।
जेहिं जेहिं बेष अजादि सुर तेहि तेहि तन अनुरूप।

                 ।।धन्यवाद।।

मंगलवार, 13 जुलाई 2021

।।Possessives Part 3rd।।

        ।।Possessives Part 3rd।।
      Possessive के पहले दो भागों में हमने सर्वनाम (Pronoun)के संबंध कारक पर विचार किया।
      अब संज्ञा(Noun)के संबंध कारक पर विचार करें--यह ध्यान ही है कि हिन्दी में का, की, के संज्ञा के तुरंत बाद आकर संबंध कारक का कार्य करते हैं और अंग्रेजी में साधारणतः s औऱ of लगाते है।आइये हम इनके प्रयोग को जानें।
1.मनुष्य के नाम अथवा मनुष्य सूचक शव्द के साथ(s)
जोड़ा जाता है --
.Ram's horse is fast.
.Man'life is short.
.The boy's name is Hari.
     परन्तु ऐसे Noun जिनका बहुवचन s जोड़कर बनता है उनके अंत में केवल apostrophe(') अंत में
जोड़ देते हैं। जैसे--
. The boys'booka are lying on the ground.
.The horses' legs are long.
      परन्तु ऐसे Nouns जिनके बहुवचन के अंत मे s नहीं आता वहाँ ('s) लगेगा--
. Men's clothes are plain.
2.बड़े-बड़े पशुओं कभी-कभी छोटे-छोटे पशुओं व कीड़े-मकोडों के लिए भी ('s) आता है।
.The cow's tail is long.
.The ant's eggs are small.
3.निर्जीव पदार्थों  में apostrophe s ('s) का प्रयोग नहीं होता है ,उनके साथ of का प्रयोग बाद में आने वाले शब्दों के बाद होता है। जैसे--
.The door of the house.
.The legs of the table.
4. समय तथा दूरी सूचक निर्जीव शब्दों के साथ ('s) लगता है।जैसे---
. One year's time.
.Two Mike's distance.
5.जब हम निर्जीव को सजीव की तरह प्रयोग करते है तब ('s) को ही लिखते हैं। जैसे---
.प्रेम के बाण.Love's shaft.
6. कई संज्ञाओं की स्थिति में केवल अंतिम  से पहले ('s) आयेगा। जैसे---
.Gopal, Ganesh, Girdhari and Hair's fathers are rich.
7.यदि एक ही संज्ञा के लिए दो possessive adjectives आये हो तो केवल पहली बार ही संज्ञा का प्रयोग होगा। जैसे---
.Johan's  book is red but Moran's  is green.
8. Possessive adjectives के बाद house,shop, school, college, hospital, church आदि आने पर इनका लोप हो जाता है।जैसे-
.Mohan went to the barber's and had a shave.
9.मनुष्य वाची लम्बे नामों के साथ of का प्रयोग होता है।जैसे--
.He is the son of the commander-in-chief.
10.of, और 's  दोनों के द्वारा सम्बन्ध कारक सूचित किये जाते हैं लेकिन दोनों  का अंतर जानें।
'S तो possession/ownership बतलाता है औऱ of स्वामित्व या अधिकार न बताकर जिस संज्ञा के साथ रहता है उसका वर्णन करता है।जैसे--
.A king's picture.
.A picture of the king .
दोनों में महान अंतर है
                 ।।Thanks।।


सोमवार, 12 जुलाई 2021

।। देवशयनी एकादशी ।।

             ।।   देवशयनी एकादशी   ।।
    आषाढ़ मास शुक्ल पक्ष की एकादशी का प्रसिद्ध नाम देवशयनी एकादशी है।इसके अन्य नाम भी हैं----पद्मनाभा, पद्मा एकादशी, हरि शयनी एकादशी, आषाढ़ी एकादशी
 देवशयनी एकादशी का माहात्म्य
       ब्रह्म वैवर्त पुराण में देवशयनी एकादशी के विशेष माहात्म्य का वर्णन किया गया है। इस व्रत से प्राणी की समस्त मनोकामनाएँ पूर्ण होती हैं।धार्मिक मान्यताओं के अनुसार एकादशी का व्रत रखने से मृत्यु के बाद मोक्ष की प्राप्ति होती है। इस पावन दिन पर व्रत रखने से सभी तरह के पापों से मुक्ति मिल जाती है
 देवशयनी एकादशी व्रत की मुख्य कथा
      धर्मराज युधिष्ठिर ने एक बार भगवान श्री कृष्ण से कहा हे केशव ! आषाढ़ शुक्ल एकादशी का क्या नाम है, इस व्रत के करने की विधि क्या है और किस देवता का पूजन किया जाता है ? श्रीकृष्ण कहने लगे कि हे युधिष्ठिर ! जिस कथा को ब्रह्माजी ने नारदजी से कहा था वही मैं तुमसे कहता हूँ।
        एक बार देवऋषि नारदजी ने ब्रह्माजी से इस एकादशी के विषय में जानने की उत्सुकता प्रकट की, तब ब्रह्माजी ने उन्हें बताया: सतयुग में मांधाता नामक एक चक्रवर्ती सम्राट राज्य करते थे। उनके राज्य में प्रजा बहुत सुखी थी। किंतु भविष्य में क्या हो जाए, यह कोई नहीं जानता। अतः वे भी इस बात से अनभिज्ञ थे कि उनके राज्य में शीघ्र ही भयंकर अकाल पड़ने वाला है।
       उनके राज्य में पूरे तीन वर्ष तक वर्षा न होने के कारण भयंकर अकाल पड़ा। इस अकाल से चारों ओर त्राहि-त्राहि मच गई। धर्म पक्ष के यज्ञ, हवन, पिंडदान, कथा-व्रत आदि में कमी हो गई। जब मुसीबत पड़ी हो तो धार्मिक कार्यों में प्राणी की रुचि कहाँ रह जाती है। प्रजा ने राजा के पास जाकर अपनी वेदना की दुहाई दी।
        राजा तो इस स्थिति को लेकर पहले से ही दुःखी थे। वे सोचने लगे कि आखिर मैंने ऐसा कौन: सा पाप-कर्म किया है, जिसका दंड मुझे इस रूप में मिल रहा है? फिर इस कष्ट से मुक्ति पाने का कोई साधन करने के उद्देश्य से राजा सेना को लेकर जंगल की ओर चल दिए।
         वहाँ विचरण करते-करते एक दिन वे ब्रह्माजी के पुत्र अंगिरा ऋषि के आश्रम में पहुँचे और उन्हें साष्टांग प्रणाम किया। ऋषिवर ने आशीर्वचनोपरांत कुशल क्षेम पूछा। फिर जंगल में विचरने व अपने आश्रम में आने का प्रयोजन जानना चाहा।
        तब राजा ने हाथ जोड़कर कहा: महात्मन्‌! सभी प्रकार से धर्म का पालन करता हुआ भी मैं अपने राज्य में दुर्भिक्ष का दृश्य देख रहा हूँ। आखिर किस कारण से ऐसा हो रहा है, कृपया इसका समाधान करें। यह सुनकर महर्षि अंगिरा ने कहा: हे राजन! सब युगों से उत्तम यह सतयुग है। इसमें छोटे से पाप का भी बड़ा भयंकर दंड मिलता है।
        इसमें धर्म अपने चारों चरणों में व्याप्त रहता है। धार्मिक के अतिरिक्त किसी अन्य जाति को तप करने का अधिकार नहीं है जबकि आपके राज्य में एक अधार्मिक नराधम तपस्या कर रहा है। यही कारण है कि आपके राज्य में वर्षा नहीं हो रही है। जब तक वह काल को प्राप्त नहीं होगा, तब तक यह दुर्भिक्ष शांत नहीं होगा। दुर्भिक्ष की शांति उसे मारने से ही संभव है।
        किंतु राजा का हृदय एक नराधम तपस्वी को भी मारने को तैयार नहीं हुआ। उन्होंने कहा: हे देव मैं उस निरपराध को मार दूँ, यह बात मेरा मन स्वीकार नहीं कर रहा है। कृपा करके आप कोई और उपाय बताएँ। महर्षि अंगिरा ने बताया तो फिर आप आषाढ़ माह के शुक्लपक्ष की एकादशी का व्रत करें। इस व्रत के प्रभाव से अवश्य ही वर्षा होगी।
       राजा अपने राज्य की राजधानी लौट आए और चारों वर्णों सहित पद्मा एकादशी का विधिपूर्वक व्रत किया। व्रत के प्रभाव से उनके राज्य में मूसलधार वर्षा हुई और पूरा राज्य धन-धान्य से परिपूर्ण हो गया।
           एक अन्य कथा के अनुसार वामन बनकर भगवान विष्णु ने राजा बलि से तीन पग में तीनों लोकों पर अधिकार कर लिया। राजा बलि को पाताल वापस जाना पड़ा।लेकिन बलि की भक्ति और उदारता से भगवान वामन मुग्ध थे। भगवान ने बलि से जब वरदान मांगने के लिए कहा तो बलि ने भगवान से कहा कि आप सदैव पाताल में निवास करें। भक्त की इच्छा पूरी करने के लिए भगवान पाताल में रहने लगे। इससे लक्ष्मी मां दुःखी हो गयी। भगवान विष्णु को वापस बैकुंठ लाने के लिए लक्ष्मी मां गरीब स्त्री का वेष बनाकर पाताल लोक पहुंची। लक्ष्मी मां के दीन हीन अवस्था को देखकर बलि ने उन्हें अपनी बहन बना लिया।
लक्ष्मी मां ने बलि से कहा कि अगर तुम अपनी बहन को खुश देखना चाहते हो तो मेरे पति भगवान विष्णु को मेरे साथ बैकुंठ विदा कर दो। बलि ने भगवान विष्णु को बैकुंठ विदा कर दिया लेकिन वचन दिया कि आषाढ़ शुक्ल एकादशी से कार्तिक शुक्ल एकादशी के दिन तक वह हर साल पाताल में निवास करेंगे। इसलिए इन चार महीनों में कोई भी शुभ कार्य नहीं किया जाता है और इस चार महिनों को चतुर्मास कहते हैं।संत,महात्मा इन चार माह के दौरान एक स्थान पर रह कर भगवद्भक्ति करते हैं।
     भागवत महापुराण के मुताबिक भगवान श्री विष्णु ने एकादशी के दिन संखासुर का वध किया था। संखासुर से युद्ध करते वे बहुत थक गए तब भगवान विष्णु का पूजन किया और विश्राम करने के लिए कहा। तब भगवान विष्णु शेष नाग की शईया पर चार महीने की योग निद्रा में सो गए।
देवशयनी एकादशी सामान्य पूजा विधि
     देवशयनी एकादशी के दिन प्रात:काल उठकर साफ-सफाई कर नित्य कर्म से निवृत हो, स्नानादि के पश्चात घर में पवित्र जल का छिड़काव करें।पूजा स्थल पर भगवान श्री हरि विष्णु जी की अपनी क्षमता अनुसार  सोने, चांदी, तांबे या फिर पीतल की मूर्ति स्थापित करें।
इसके बाद षोड्शोपचार सहित पूजा करें। पूजा के बाद व्रत कथा अवश्य सुननी चाहिये।घर के मंदिर में दीप प्रज्वलित करें।भगवान विष्णु का गंगा जल से अभिषेक करें। भगवान विष्णु के भोग में तुलसी को जरूर शामिल करें। ऐसा माना जाता है कि बिना तुलसी के भगवान विष्णु भोग ग्रहण नहीं करते हैं। इस पावन दिन भगवान विष्णु के साथ ही माता लक्ष्मी की पूजा भी करें। तत्पश्चात आरती करें और प्रसाद बांटे और अंत में सफेद चादर से ढंके गद्दे तकिये वाले पलंग पर श्री विष्णु को शयन कराना चाहिये और विशेष हरिशयन मंत्र का पाठ करें---
सुप्ते त्वयि जगन्नाथ जगत्सुप्तं भवेदिदम्।
विबुद्धे त्वयि बुद्धं च जगत्
सर्वं चराचरम्।।
     आपकी कृपा से ही यह सृष्टि सोती है और जागती है.हे करुणाकर आप हमारे ऊपर कृपा बनाए रखें। फिर श्री हरि विष्णु की प्रार्थना करें--
शांताकारं भुजगशयनं पद्मनाभं सुरेशं 
विश्वाधारं गगनसदृशं मेघवर्णं शुभांगम
लक्ष्मीकांतं कमलनयनं योगिभिर्ध्यानगम्यं 
वंदे विष्‍णुं भवभयहरं सर्वलोकैकनाथम्।। 
त्वमेव माता, च पिता त्वमेव 
त्वमेव बंधु च सखा त्वमेव
त्वमेव विद्या च द्रविडम त्वमेव
त्वमेव सर्वम मम देव देव 
                         ।।धन्यवाद।।
 

रविवार, 11 जुलाई 2021

।।सरस्वती वंदना।।

               ।।    सरस्वती वन्दना   ।।
या कुन्देन्दुतुषारहारधवला 
या शुभ्रवस्त्रावृता।
या वीणावरदण्डमण्डितकरा
 या श्वेतपद्मासना॥
या ब्रह्माच्युत शंकरप्रभृतिभि
र्देवैः सदा वन्दिता।
सा मां पातु सरस्वती भगवती निःशेषजाड्यापहा॥1॥

अर्थ : जो विद्या की देवी भगवती सरस्वती कुन्द के फूल, चंद्रमा, हिमराशि और मोती के हार की तरह धवल वर्ण की हैं और जो श्वेत वस्त्र धारण करती हैं, जिनके हाथ में वीणा-दण्ड शोभायमान है, जिन्होंने श्वेत कमलों पर आसन ग्रहण किया है तथा ब्रह्मा, विष्णु एवं शंकर आदि देवताओं द्वारा जो सदा पूजित हैं, वही संपूर्ण जड़ता और अज्ञान को दूर कर देने वाली मां सरस्वती हमारी रक्षा करें। ..

शुक्लां ब्रह्मविचार सार परमाम्
 आद्यां जगद्व्यापिनीम्।
वीणा-पुस्तक-धारिणीम_
अभयदां जाड्यान्धकारापहाम्‌॥
हस्ते स्फटिकमालिकां विदधतीम् पद्मासने संस्थिताम्‌।
वन्दे तां परमेश्वरीं भगवतीं 
बुद्धिप्रदां शारदाम्‌॥2॥
अर्थ : जिनका रूप श्वेत है, जो ब्रह्मविचार की परम तत्व हैं, जो सब संसार में फैले रही हैं, जो हाथों में वीणा और पुस्तक धारण किये रहती हैं, अभय देती हैं, मूर्खतारूपी अन्धकार को दूर करती हैं, हाथ में स्फटिकमणि की माला लिए रहती हैं, कमल के आसन पर विराजमान होती हैं और बुद्धि देनेवाली हैं, उन आद्या परमेश्वरी भगवती सरस्वती की मैं वन्दना करता हूँ । 

बुधवार, 7 जुलाई 2021

।।।नियम एकादशी का।।

               ।।नियम एकादशी का।।
दशमी  से द्वादशी तक नियम एकादशी का,
    बताते आज जगत को जगत तनय मेवाती नन्दन।
दशमी कांस मांस त्याग मसूर चना कोदव शाक का,
  दोबारा भोजन रति मधु परान्न का नहि अभिनन्दन।1।
अब सब सुने मन लगा क्या है त्याग एकादशी का,
      द्यूत निद्रा पान छोड़े तोड़े नहीं दंतधावन चन्दन।
निंदा चुगली चोरी क्रोध झूठ बरजोरी का,
    हिंसा और रति छोड़ करें सदा प्रभु हरि का मनन।2।
व्यायाम छोड़ द्वादशी को ध्यान धरें हरि का,
      पुनः भोजन रति रास प्रवास का करना  खण्डन।अछूत तेल मसूर कांस मधु सुरा व मांस का,
    त्यागें झूठ सिख ले करे सदा एकादशी का वन्दन।3।दशमी  में दस एकादशी में त्याग ग्यारह का
     करना सदा हरि के मनचाहे रुप का दिल से नमन।
एक दशा में रह कर ध्यान धरें केशव का
      आस्था विश्वास से हरि कीर्तन हो रात्रि जागरन।4।
द्वादशी में व्रती को करना है त्याग बारह का
     करना निश्चित है द्वादशी में ही एकादशी का पारन।
धर्म से चलें रक्षा करना काम धर्म का
      पालक हरि करें सदा सबका सब दुःख निवारन।5।
                    ।।  धन्यवाद   ।।
      




शनिवार, 3 जुलाई 2021

।।.बंदउँ नाम राम रघुबर को ।।

   ।।बंदउँ नाम राम रघुबर को।हेतु कृसानु भानु हिमकर को।।
   हम रघुबर राम के नाम की बन्दना करते हैं जो अग्नि,सूर्य और चंद्रमा का कारण स्वरूप है।जानते है--  राम नाम के तीन वर्ण र, अ और म क्रमशः कृसानु (अग्नि), भानु (सूर्य) और हिमकर (चन्द्रमा)  के हेतु(कारण)हैं।
यह बात सुज्ञात अर्थात सुप्रसिद्ध है कि रकार अनलबीज, अकार भानुबीज और मकार चंद्रबीज हैं। अग्नि दोनों संध्याओं को,सूर्य दिन को और चंद्रमा रात्रि को प्रकाशित करता है तो राम नाम सभी समय को प्रकाशित करता है।जानते है कि
र= चित,आ=सत और म=आनन्द होता है और इन तीनों के योग  से बना है सच्चिदानंद। और तो और इन तीनों से क्रमशः दैहिक,दैविक,और भौतिक ताप का भी नाश होता है और इनसे क्रमशः वैराग्य, ज्ञान औऱ भक्ति की भी प्राप्ति होती है। और तो और रघुबर हैं --//
रघु =जीव और बर = पति  या स्वामी अर्थात समस्त चराचर के स्वामी है राम।
 यही नहीं--
बिधि हरि हरमय बेद प्रान सो। अगुन अनूपम गुन निधान सो॥
राम नाम के तीनों वर्ण क्रमशः बिधि,हरि,हर ही हैं अर्थात  ब्रह्मा, विष्णु ,महेश ये त्रिमूर्ति भगवान राम ही हैं। वही वेदों के प्राण,निर्गुण ब्रह्म और उपमा रहित गुणनिधान सगुण ब्रह्म भी हैं।
        ऐसे पार ब्रह्म परमेश्वर रघुबर के राम नाम की हम  वन्दना करते हैं।
                  ।।जय श्री राम।।