रविवार, 26 जून 2022

।।गोस्वामी तुलसीदास समग्र विवेचन।।

             ।।गोस्वामी तुलसीदास।।
जन्म-स्थानऔर जन्म समय
    कविकुल कमल कलाधर भक्तशिरोमणि, मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम परम पिता परमेश्वर के अनन्य भक्त,हिन्दी की बिन्दी को चटकीला बनाने वाले,माता हुलसी सुत तुलसी का सम्पूर्ण जीवन काल और जीवन कथा अद्भुत विविधता पूर्ण रहा।श्रीबेनीमाधव प्रणीत मूल गोसाई चरित तथा महात्मा रघुवरदास रचित तुलसीचरित में तुलसीदासजी का जन्म विक्रमी संवत् 1554 (सन् 1497 ई०) बताया जाता है। श्रीबेनीमाधवदास की रचना में गोस्वामी जी की जन्म तिथि श्रावण शुक्ल सप्तमी का उल्लेख है। इस सम्बन्ध में निम्नलिखित दोहा प्रसिद्ध है—
पन्द्रह सौ चौवन बिसै, कालिंदी के तीर।
श्रावण सुक्ला सप्तमी, तुलसी धरयो शरीर।।

        परन्तु जन श्रुतियों एवं सर्वमान्य तथ्यों के अनुसार   संवत 1589 (सन् 1532 ई०) राज्य उत्तर प्रदेश, क्षेत्र बुन्देलखण्ड  जिला चित्रकूट अब बांदा के अंतर्गत एक राजापुर गाँव है, वहाँ सरयूपारीण ब्राह्मण पिता पंडित आत्माराम दुबे एवं माता हुलसी के अद्भुत पुत्र  तुलसी का जन्म हुआ था।
इस सर्वमान्य तथ्य को परम श्रद्धेय पूज्यपाद गुरुदेव श्री राजेश्वरानंदजी ने अपनी अमृतमयी वाणी में इस प्रकार व्यक्त किया है:-
चित्रकूट सामिप्य प्राप्त पुर राजापुर अति पावन।रवितनुजा के तीर भूमि बुंदेलखंड मनभावन।
प्रगटे जहाँ जन्म ले तुलसी धन्य भई माँ हुलसी।
गुन गायक सीता रामजी के।।

प्रारम्भिक जीवनः-

आप पधारे रंगे हुवे श्रीराम भक्ति के रंग में।खुली आपकी वाणी पहली बार जन्म के संग में।मुख से भई मधुर धुनि राम-राम कोकिल सी।गुन गायक सीता रामजी के।।

आँख दिखाकर दुष्ट विधर्मी भक्त जनों को डाटे।किसके मुँह में दाँत जो बात हमारी काटे।

प्रगटे दाँत लेकर बत्तीस मची हलचल सी।

गुन गायक सीता रामजी के।।

   गुरुदेव राजेश्वरानंदजी के उक्त विचार और प्रचलित जनश्रुति के अनुसार शिशु बारह महीने तक माँ के गर्भ में रहने के कारण अत्यधिक हृष्ट पुष्ट था और उसके मुख में बत्तीस दाँत दिखायी दे रहे थे। जन्म लेने के साथ ही उसने राम नाम का उच्चारण किया जिससे उसका नाम रामबोला रखा गया। रामबोला के जन्म के दूसरे ही दिन माँ का निधन हो गया। पिता ने किसी और अनिष्ट से बचने के लिये बालक को चुनियाँ/ मुनिया नाम की एक दासी को सौंप दिया और स्वयं विरक्त हो गये। जब रामबोला साढे पाँच वर्ष का हुआ तो चुनियाँ भी नहीं रही। वह गली-गली भटकता हुआ अनाथों की तरह जीवन जीने को विवश हो गया।

  स्वयं तुलसी ने लिखा है कि वे बाल्यकाल से ही माता-पिता द्वारा परित्यक्त कर दिये गये तथा संतत्प एवं अभिशप्त की तरह इधर-उधर घूमा करते थे—

मातु पिता जग जायि तज्यो, विधि हूँ न लिख्यो कछु भाल भलाई।
बारे ते ललात बिलतात द्वार द्वार दीन, चाहत हौं चारि फल चारि ही चनक कौं।

    परन्तु समय सदा एक सा नहीं रहता, प्रभु कृपा से रामशैल पर रहनेवाले श्री अनन्तानन्द जी के प्रिय शिष्य श्रीनरहर्यानन्द जी (नरहरि बाबा) ने रामबोला के नाम से बहुचर्चित हो चुके इस बालक को ढूँढ निकाला और विधिवत उसका नाम तुलसीराम रखा तदुपरान्त वे उसे अयोध्या(उत्तर प्रदेश) ले गये और वहाँ  माघ शुक्ला पंचमी (शुक्रवार) को उसका यज्ञोपवीत-संस्कार सम्पन्न कराया। संस्कार के समय भी बिना सिखाये ही बालक रामबोला ने गायत्री मन्त्र का स्पष्ट उच्चारण किया, जिसे देखकर सब लोग चकित हो गये। इसके बाद नरहरि बाबा ने वैष्णवों के पाँच  संस्कार करके बालक को राम-मन्त्र की दीक्षा दी और अयोध्या में ही रहकर उसे विद्याध्ययन कराया। बालक रामबोला की बुद्धि बड़ी प्रखर थी। वह एक ही बार में गुरु-मुख से जो सुन लेता, उसे वह कंठस्थ हो जाता। गुरु-शिष्य  शूकरक्षेत्र (सोरों) में कुछ दिन रहे जहाँ नरहरि बाबा ने शिष्य को राम-कथा सुनायी किन्तु वह उसे भली-भाँति समझ न आयी।जैसा कि गोस्वामी तुलसीदास जी ने लिखा है--
मैं पुनि निज गुर सन सुनी कथा सो सूकरखेत।
समुझी नहिं तसि बालपन तब अति रहेउँ अचेत॥
तदपि कही गुर बारहिं बारा। समुझि परी कछु मति अनुसारा॥
भाषाबद्ध करबि मैं सोई। मोरें मन प्रबोध जेहिं होई॥

        समय करवट लेता रहा ज्येष्ठ शुक्ल त्रयोदशी, गुरुवार को 29 वर्ष की आयु में राजापुर से थोडी ही दूर यमुना के उस पार स्थित एक गाँव की अति सुन्दरी भारद्वाज गोत्र की कन्या रत्नावली के साथ उनका विवाह हुआ। एक बार तुलसीराम ने भयंकर अँधेरी रात में उफनती यमुना नदी तैरकर पार की और सीधे अपनी पत्नी के शयन-कक्ष में जा पहुँचे।

पहुँच प्रिया के सन्मुख तुलसी खड़े थे खोये-खोये।

रत्ना बोली मैं तो जागी आप अभी तक सोये।

त्यागो काम राम की भक्ति करो मेरे मनसी।

गुन गायक सीता रामजी के।।

सदगुरू चक्रवर्ति सुचि सरल संत श्री तुलसी।

सुनकर शुभ संदेश आपके मन में भाव भर आया।

प्रभु पद प्रीति प्रेरणादायिनी देवी को शीश नवाया।

चल दिये राम दरस हित लगन बड़ी आकुल सी।

गुन गायक सीता रामजी के।

 रत्नावली इतनी रात गये अपने पति को अकेले आया देख कर आश्चर्यचकित हो गयी। उसने लोक-लाज के भय से जब उन्हें चुपचाप वापस जाने को कहा तो वे उससे उसी समय घर चलने का आग्रह करने लगे। उनकी इस अप्रत्याशित जिद से खीझकर रत्नावली ने स्वरचित एक दोहे के माध्यम से जो शिक्षा उन्हें दी उसने ही तुलसीराम को तुलसीदास बना दिया। रत्नावली ने जो दोहा कहा था वह इस प्रकार है:

लाज न आवत आपको , दौरे आयउ साथ।
धिक – धिक ऐसे प्रेम को, कहाँ कहौं मैं नाथ।।
अस्थि चर्म मय देह मम, तामें ऎसी प्रीति।
तैसी जो श्री राम में, होति न तब भवभीति ।।

देवी रत्नावली की बातों को सुनते ही उन्होंने उसी समय पत्नी को वहीं उसके पिता के घर छोड़ दिया और राम में लीन हो गये।लगभग 20 वर्षों तक इन्होंने समस्त भारत का व्यापक भ्रमण किया, जिससे इन्हें समाज को निकट से देखने का सुअवसर प्राप्त हुआ। ये कभी काशी, कभी अयोध्या और कभी चित्रकूट में निवास करते रहे। अधिकांश समय इन्होंने काशी में ही बिताया।इसी बीच गोस्वामी तुलसीदास जी ने पूज्य गुरु नरहरिदास से सुनी कथा को मानव कल्याण हेतु महाकव्य रामचरितमानस का रुप दिया। काशी के सुप्रसिद्ध विद्वान श्री मधुसूदन सरस्वती नाम के महापण्डित ने रामचरितमानस पर  बड़ी प्रसन्नता प्रकट किया और मानस के बारे में यह अद्भुत विचार व्यक्त किया--

आनन्दकानने ह्यास्मिंजंगमस्तुलसीतरुः।
कवितामंजरी भाति रामभ्रमरभूषिता॥


 श्री हनुमानजी से भेट

         गोस्वामीजी काशी में रहकर जनता को राम-कथा सुनाने लगे। ऐसी  प्रसिद्ध किंवदंती  है कि कथा के दिनों रात्रि को शौच के बाद जब तुलसीदासजी लौटते थे उस समय उनके रास्ते में एक पेड़ था वहाँ किंचित ठहरते और लोटे के बचे जल को उस पेड़ के जड़ पर डाल देते ,उस पेड़ पर एक प्रेत रहता था, एक दिन मनुष्य की आवाज में  प्रेत  ने अपनी व्यथा कथा कहा और तुलसीदासजी से  वरदान माँगने को कहा। गोस्वामीजी ने उससे राम से मिलाने का आग्रह किया तो उसने अपनी मजबूरी  बतायी ।लेकिन राम से जो उन्हें मिलवा सकता है उनके बारे में बताने की ने बात की। ओ कौन   हनुमानजी। हनुमानजी कहाँ मिलेगें उसने  पता बतलाया।

यत्र यत्र रघुनाथ कीर्तनं 

तत्र तत्र कृतमस्तकाञ्जलिम्। 

वाष्प वारि परिपूर्ण लोचनं 

मारुतिं नमत राक्षसान्तकम्

।।राम चरित सुनिबे को रसिया।। 

अगला प्रश्न हम पहचानेगे कैसे- प्रेत ने बताया जो कथा में सबसे पहले आये सबसे बाद में जाये  वही हनुमानजी हैं।एक स्थान पर कथा शुरु होने वाली रही गोस्वामी जी पहुँचे,वहाँ पहले से एक कोढ़ी बैठा हुवा था ,कथा समाप्ति तक वह वही रहा ,सभी चले गये दो नहीं।गोस्वामी जी से कोढ़ीने जाने का निवेदन किया पर गोस्वामीजी ने उनसे निवेदन किया ,दोनों एक दूसरे से   निवेदन करते रहें अचानक गोस्वामी जी कोढ़ी के पैरों पर गिर गये कोढ़ी उन्हें हटाने लगा तब गोस्वामीजी ने निवेदन किया मैं आपको पहचान गया हूँ कृपया आप अपने मूल रुप का दर्शन देवें--फिर क्या-/

कंचन बरन बिराज सुबेसा।

कानन कुण्डल कुंचित केसा।

हाथ बज्र अरु ध्वजा बिराजे।

काँधे मूँज जनेऊ साजे।।

  हनुमान ‌जी से मिलकर तुलसीदास ने उनसे श्री राम का दर्शन कराने की प्रार्थना की। हनुमान्‌जी ने कहा- "तुम्हें चित्रकूट में दर्शन होंगें।" इस पर तुलसीदास जी चित्रकूट की ओर चल पड़े।

भगवान श्री राम से भेट

चित्रकूट पहुँच कर उन्होंने रामघाट पर अपना आसन जमाया। एक दिन वे प्रदक्षिणा करने निकले ही थे कि एकाएक मार्ग में उन्हें श्रीराम के दर्शन हुए। उन्होंने देखा कि दो बड़े ही सुन्दर राजकुमार घोड़ों पर सवार होकर धनुष-बाण लिये जा रहे हैं। तुलसीदास उन्हें देखकर आकर्षित तो हुए, परन्तु उन्हें पहचान न सके। तभी पीछे से हनुमानजी ने आकर जब उन्हें सारा भेद बताया तो वे पश्चाताप करने लगे। इस पर हनुमान जी ने उन्हें सात्वना दी और कहा प्रातःकाल फिर दर्शन होंगे।

संवत्‌ 1607 की मौनी अमावश्या को बुधवार के दिन उनके सामने भगवान  पुनः प्रकट हुए। उन्होंने बालक रूप में आकर तुलसीदास से कहा-"बाबा! हमें चन्दन चाहिये क्या आप हमें चन्दन दे सकते हैं?"

मंदाकिनी तट रामघाट पर प्रगटे दशरथ नंदन।

बोले मधुर वाणी में धनुर्धर बाबा दे दे चंदन।

सुनकर दशा आपकी भई बहुत विह्वल सी।

सदगुरू चक्रवर्ति सुचि सरल संत श्री तुलसी।

श्री रघुवीर खड़े है सन्मुख तुलसी क्यों है रोता।

सफल करो दृग हनुमानजी बोले बनकर तोता।

शोभा रामचन्द्र की देखो नित्य नवल सी।

 हनुमान ‌जी ने सोचा, कहीं वे इस बार भी धोखा न खा जायें, इसलिये उन्होंने तोते का रूप धारण करके यह दोहा कहा:

चित्रकूट के घाट पर, भइ सन्तन की भीर।
तुलसिदास चन्दन घिसें, तिलक देत रघुबीर॥

तुलसीदास भगवान श्री राम जी की उस अद्भुत छवि को निहार कर अपने शरीर की सुध-बुध ही भूल गये। अन्ततोगत्वा भगवान ने स्वयं अपने हाथ से चन्दन लेकर अपने तथा तुलसीदास जी के मस्तक पर लगाया और अन्तर्ध्यान हो गये।। इस प्रकार  बाबा को भगवान के दर्शन हुवे।चित्रकूट में राम घाट पर तोतामुखी  हनुमानजी का मन्दिर और तुलसीदासजी का मन्दिर इस घटना के साक्षी हैं।

रचनाएँ

नागरी प्रचारिणी सभा काशी द्वारा प्रकाशित निम्न ग्रन्थ गोस्वामी तुलसीदास द्वारा विरचित बताये जाते हैं--

1-रामचरितमानस 2-रामलला नहछू 3-वैराग्य-संदीपनी 4-बरवै रामायण 5-पार्वती-मंगल 6-जानकी-मंगल    7-रामाज्ञाप्रश्न 8-दोहावली  9-कवितावली              10-गीतावली 11-श्री कृष्ण गीतावली                    12-विनय पत्रिका 13-सतसई  14-छंदवाली          15-हनुमान बाहुक 16-हनुमान चालीसा आदि।

एनसाइक्लोपीडिया ऑफ रिलीजन एंड एथिक्स' में ग्रियर्सन ने भी उपर्युक्त प्रथम बारह ग्रन्थों का उल्लेख किया है।


साहित्य में स्थान :-

  सैकड़ो वर्ष पूर्व आधुनिक प्रकाशन-सुविधाओं से रहित उस काल में भी तुलसीदास का काव्य जन-जन तक पहुँच चुका था। यह उनके कवि रूप में लोकप्रिय होने का प्रत्यक्ष प्रमाण है। मानस जैसे वृहद् ग्रन्थ को कण्ठस्थ करके सामान्य पढ़े लिखे लोग भी अपनी शुचिता एवं ज्ञान के लिए प्रसिद्ध होने लगे थे।इनमें से रामचरितमानस, विनय-पत्रिका, कवितावली, गीतावली जैसी कृतियों के विषय में किसी कवि की यह आर्षवाणी सटीक प्रतीत होती है - पश्य देवस्य काव्यं, न मृणोति न जीर्णयति। अर्थात देवपुरुषों का काव्य देखिये जो न मरता न पुराना होता है।

    वास्तव में तुलसीदासजी हिंदी – साहित्य की महान विभूति है ।उन्होंने रामभक्ति की मंदाकिनी प्रवाहित करके जन – जन का जीवन कृतार्थ कर दिया |  रस,भाषा, छन्द, अलंकार, नाटकीयता , संवाद – कौशल आदि सभी दृष्टियों से तुलसी का काव्य अद्वितीय है ।उनके साहित्य में रामगुणगान , भक्ति – भावना , समन्वय , शिवम् की भावना आदि अनेक ऐसी विशेषताएं देखने को मिलती है , जो उन्हें महाकवि के आसन पर प्रतिष्ठित करती है ।इनका सम्पूर्ण काव्य समन्वयवाद की विराट चेष्ठा है । ज्ञान की अपेक्षा भक्ति का राजपथ ही इन्हें अधिक रुचिकर लगता है।

तभी तो श्रीबेनीमाधव ने लिखा है---

बेदमत सोधि-सोधि कै पुरान सबै , संत औ असंतन को भेद को बतावतो ।

कपटी कुराही कूर कलिके कुचाली जीव, कौन रामनामहू की चरचा चलावतो ॥

बेनी कवि कहै मानो-मानो हो प्रतीति यह , पाहन-हिये में कौन प्रेम उपजावतो ।

भारी भवसागर उतारतो कवन पार, जो पै यह रामायन तुलसी न गावतो ॥

गोस्वामी तुलसीदास जी एक ऐसी महान विभूति जिनको पाकर कविता-कामिनी धन्य हो गयी तभी तो महाकवि हरिऔधजी ने  लिखा है---

कविता करके तुलसी न लेस ।

कविता लसी पा तुलसी की कला ।।

हिंदी साहित्य के कवियों के नाम आते हैं तो श्रेष्ठता का एक प्रश्न भी उठ खड़ा होता है. इस श्रेष्ठता के प्रश्न को आचार्य रामचंद्र शुक्ल ने एक दोहे से दूर करने की कोशिश की थी.

 सूर सूर तुलसी ससी उडुगन केशवदास।

अबके कवि खद्योत सम जह-तह करत प्रकाश॥

मृत्यु

    तुलसीदास जी जब काशी के विख्यात् घाट असीघाट पर रहने लगे तो एक रात कलियुग मूर्त रूप धारण कर उनके पास आया और उन्हें पीड़ा पहुँचाने लगा। तुलसीदास जी ने उसी समय हनुमान जी का ध्यान किया। हनुमान जी ने साक्षात् प्रकट होकर उन्हें प्रार्थना के पद रचने को कहा, इसके पश्चात् उन्होंने अपनी अन्तिम कृति विनय-पत्रिका लिखी और उसे भगवान के चरणों में समर्पित कर दिया। श्रीराम जी ने उस पर स्वयं अपने हस्ताक्षर कर दिये और तुलसीदास जी को निर्भय कर दिया। यह तथ्य सर्वमान्य है कि संवत्‌ 1680 (सन् 1623 ई०)  में सावन कृष्ण तृतीया शनिवार को तुलसीदास जी ने "राम-राम" कहते हुए अपना शरीर परित्याग किया।इनकी मृत्यु के सम्बन्ध में निम्न दोहा भी प्रचलित है –

 संवत् सोलह सौ असी, असी गंग के तीर ।
श्रावण कृष्णा तीज शनि, तुलसी तज्यो शरीर।।

इस प्रकार  मानवता और समरसता का पुजारी हिन्दी साहित्य गगन का मार्तण्ड सदा सदा के लिए गोलोक अस्ताचल को अपना निवास बना लिया।


                ।।जय श्री राम।।


शुक्रवार, 24 जून 2022

√।।जलचर थलचर नभचर नाना। जे जड़ चेतन जीव जहाना पर सत्सङ्ग का प्रभाव।।।

  
मति कीरति गति भूति भलाई। जब जेहिं जतन जहाँ जेहिं पाई॥  (1)मति-बुद्धि-सुमति(2)कीरति-कीर्ति-यश,(3)गति-सद्गति-मुक्ति,(4)भूति-विभूति-गौरवपूर्ण स्वरुप(ऐश्वर्य) और(5) भलाई-कल्याण-सौभाग्य इन पाँच अति महत्वपूर्ण चीजों की या यों कहें संसार में सर्वस्व की प्राप्ति कैसे और किसके प्रभाव से हो सकती है ----
 जानते है रामचरितमानस की इन पंक्तियों के आधार पर:-
जलचर थलचर नभचर नाना। जे जड़ चेतन जीव जहाना।।
मति कीरति गति भूति भलाई। जब जेहिं जतन जहाँ जेहिं पाई॥
हम तो मनुष्य है यहाँ तो जलचर थलचर नभचर नाना। जे जड़ चेतन जीव जहाना।अर्थात सबकी बात ही कह दी गयी है- इन सभी को जानने के बाद हम मूल प्रश्न का जबाब स्वयं ही पा जायेगे देखते है--
1-(अ)जलचर -जड़- मैनाक पर सत्सङ्ग का प्रभाव
पुराणों के अनुसार इन्द्र से भयभीत मैनाक की रक्षा पवनदेव ने उसे समुद्र अर्थात जल को सौप कर किया था ।अब पवनदेव और समुद्रदेव के सत्सङ्ग के प्रभाव से उसने जब  हनुमानजी माता सीता  की खोज में बिना विश्राम किए आकाश मार्ग से जा रहे थे, तब उनसे अपनी सुंदर चोटी पर विश्राम के लिए निवेदन किया। उसकी बातें सुनकर हनुमानजी ने मैनाक को हाथ से छूकर प्रणाम किया । इस प्रकार सत्सङ्ग के प्रभाव से मैनाक पर प्रभु कृपा हुई।
जलनिधि रघुपति दूत बिचारी। तैं मैनाक होहि श्रम हारी॥
हनूमान तेहि परसा कर पुनि कीन्ह प्रनाम।
राम काजु कीन्हें बिनु मोहि कहाँ बिश्राम॥

1-(आ)जलचर-चेतन 
मकरी पर हनुमानजी के संग से,ग्राह पर गजेन्द्र के संग से,राघवमत्स्य पर कौशल्याजी के संग से प्रभु कृपा हुई।
और तो और सेतु बन्द के समय का दृश्य देखें  जब सभी जलचर कृत कृत्य हो गए-----
देखन कहुँ प्रभु करुना कंदा।
प्रगट भए सब जलचर बृन्दा।।
2-(अ)थलचर-जड़-बृक्ष वन,पर्वत,तृण आदि पर
श्रीरामजी के संग का प्रभाव तो देखते ही बनता है--
बृक्ष- सब तरु फरे रामहित लागी।
              रितु अरु कुरितु काल गति त्यागी।।
वन- मंगल रूप भयउ बन तबते।
      कीन्ह निवास रमापति जबसे।।
भूमि वन पंथ पहाड़-
धन्य भूमि बन पंथ पहारा।जहँ जहँ नाथ पाऊँ तुम्ह धारा।।
गुरु अगस्त्य के संग से विंध्याचल को परम पद मिला-
परसि चरन रज अचर सुखारी।भये परम पद के अधिकारी।।
2-(आ)थलचर-चेतन-शबरी,कोल-किरात,भील,पशु,वानर,मानव-विभीषण, शुक आदि पर सत्सङ्ग का प्रभाव अद्भुत है-- 
मतंग ऋषि के संग से शबरी का कल्याण और सद्गति सब जानते ही हैं।
श्री राम जी के संग से कोल-किरात वन्दनीय हो गये--
करि केहरि कपि कोल कुरंगा।बिगत बैर बिचरहिं सब संगा।।
धन्य बिहग मृग काननचारी।सफल जनम भये तुम्हहि निहारी।।
सुग्रीव,विभीषण, शुक को संसार जानता ही है कि सत्संग के प्रभाव से इन्हे कितनी कीर्ति आदि की प्राप्ति हुई।
3-नभचर(अ) जड़ की बात करें
 मेघ, वायु आदि पर  भक्तराज श्रीभरतजी के संग का प्रभाव है--- कि
किएँ जाहिं छाया जलद सुखद बहइ बर बात।
तस मगु भयउ न राम कहँ जस भा भरतहि जात॥

3-नभचर(आ) चेतन की बात जाननी है तो
कागभुशुण्डिजी से भाग्यशाली कौन जिन पर विप्र और लोमश ऋषि के संग का प्रभाव रहा यही नहीं पंक्षीराज गरुण पर हुवे सत्सङ्ग के प्रभाव को देखें,इन दोनों को अगर छोड़ दे और जटायु तथा सम्पाति पर जो सत्सङ्ग के प्रभाव से ईश्वर कृपा हुई उस पर नजर डाले तो हमें  सहज ही आनन्द प्राप्त होता है।
अगर हम इनको  दूसरे प्रकार से देखें तो हमें और भी आनन्द मिलेगा ही जैसे-जलचर थलचर नभचर जड़ चेतन को क्रम से मिलाते हैं-मति कीरति गति भूति भलाई तो पाते हैं कि यहाँ यथासंख्य क्रमालंकार है
 (1)जहाँ जलचर राघवमत्स्य को माता कौशल्या के संग से मति अर्थात सुमति प्राप्त हुई।
(2) थलचर गजेन्द्र को कीरति मिली और वे अपने गजेन्द्रमोक्ष स्त्रोत्र से अमर हो गये
(3)नभचर जटायु को गति अर्थात सद्गति मिली
(4)जड़ माताअहिल्या जो पत्थर बनी थी उनको भूति मिली अर्थात देवी अहिल्या अपने पति की विभूति को पा गई
(5) चेतन तो असंख्य हैं- उदाहरण के लिए श्री सुग्रीव, जामवन्तजी,हनुमानजी आदि को इतनी भलाई मिली कि स्वयं मर्यादा पुरुषोत्तम परम पिता परमेश्वर श्री राम उनके ऋणी हो गये।
इस प्रकार की पञ्च बिभूति अर्थात संसार में सर्वस्व की प्राप्ति  कैसे?वो सब यही स्पष्ट कर दिया है बाबाजी ने-सो जानब सतसंग प्रभाऊ। लोकहुँ बेद न आन उपाऊ॥अर्थात सो सब सत्संग का ही प्रभाव समझना चाहिए। वेदों में और लोक में इनकी प्राप्ति का दूसरा कोई उपाय नहीं है।
और तो और
जो आपन चाहै कल्याना। 
सुजसु सुमति सुभ गति सुख नाना॥
सो परनारि लिलार गोसाईं। 
तजउ चउथि के चंद कि नाईं॥
अर्थात अगर हम अपना कल्याण चाहते हैं, पंच विभूति  सुजसु सुमति सुभ गति सुख या दूसरे शब्दों में मति कीरति गति भूति भलाई  चाहते है तो हमें 
सो परनारि लिलार गोसाईं। 
तजउ चउथि के चंद कि नाईं।। 
अर्थात पर स्त्री पर कुदृष्टि डालना छोड़ना ही होगा अन्यथा हमारी क्या गति होगी वह भी देख लें--- 
बुधि बल सील सत्य सब मीना।
बनसी सम त्रिय कहहिं प्रबीना।।
कामी पुरुष का रावण के समान ऊपर बतायी गयी सभी विभूतियों सहित सर्वस्व  नाश हो जाता है। अगर हमें सभी विभूतियों को प्राप्त करना है और उन्हें बनाये रखना है तो हमें सत्सङ्ग करना होगा क्योंकि
बिनु सतसंग बिबेक न होई।
राम कृपा बिनु सुलभ न सोई॥
सतसंगत मुद मंगल मूला। 
सोई फल सिधि सब साधन फूला
आइये हम प्रभु श्रीराम से प्रार्थना करें कि हमें उत्तम सत्संग की प्राप्ति हो और हमारे उनकी कृपा  ऊपर सदा बनी रहे ।
                 ।।जय श्रीराम।।




शनिवार, 28 मई 2022

√।।तोता के पर्यायवाची।।

          ।।तोता के पर्यायवाची।।
           (दो सोरठों में पंद्रह पर्याय)
मंजुपाठक मिट्ठू, सुग्गा शुक दाड़िमप्रिय।
प्रियदर्शन पोपट,सुआ सुअटा रक्ततुण्ड।।1।। 
वक्रनक्र पैरेट (Parrot),रक्तचंचु भी हैं  कीर।
तोता के पर्याय ,  जानो  मेरे  तू वीर।।2।।
              ।।धन्यवाद।।

शुक्रवार, 27 मई 2022

√।।मोर के पर्यायवाची।।

           ।।मोर के पर्यायवाची।।
          {दो दोहों में बीस पर्याय}
शिखी शिखण्डी शिखावल,बर्हि हरि सितापांग।
शिवसुतवाहन कलापी, नीलकंठ   सारंग।।1।।
केकी मोर मेहप्रिय, सर्पकाल भुजगारि।
ध्वजी मयूर नर्तकप्रिय,पीकॉक(peacock)पन्नगारि।2।
इन दोनों दोहो के सभी बीस पद मोर के पर्याय हैं।
               ।। धन्यवाद।।   

बुधवार, 11 मई 2022

।।या यस्य प्रकृतिः स्वभावजनिता केनापि न त्यज्यते॥

काकः पद्म वने रतिं न कुरुते हंसो न कूपोदके।
मूर्ख: पंडितसङ्गमे न रमते दासो न सिंहासने।।
दुष्टः सज्जनसङ्गमं न सहते नीचं जनं सेवते।या
कुस्त्री सज्जनसङ्गमे न रमते नीचं जनं सेवते।
या यस्य प्रकृतिः स्वभावजनिता केनापि न त्यज्यते॥
              ।। धन्यवाद।।

√मुद मंगलमय संत समाजू। जो जग जंगम तीरथराजू॥

मुद मंगलमय संत समाजू। जो जग जंगम तीरथराजू॥
संत समाज  मुद मंगलमय है, जो जग में चलता-फिरता तीर्थराज प्रयाग है।
   ध्यान रहे साधु समाज नहीं संत समाज,साधु वह जो भगवान को प्राप्त करने का साधन करता है भगवान को अभी प्राप्त नहीं किया है, संत वह जो भगवान को प्राप्त कर चुका है। कहीं- कहीं साधु - संत पर्याय भी होते है।मूलतः दोनों भगवद्भक्त ही है।
मुद= मानसिक आनन्द।
मंगल= बाहरी आनन्द,प्रसिद्ध उत्सव आदि का आनन्द।
जंगम तीरथराजू=तीर्थ राज प्रयाग जंगम है अचल है जहाँ पर जाने के बाद मुद-मंगल मिलता है लेकिन संत समाज चल है जो लोगों के पास जा जाकर उन्हें सभी प्रकार का आनन्द देता है लोगों का कल्याण करता है। तीर्थराज प्रयाग की जो-जो विशेषताएं है वे सभी संत समागम में हैं।गोस्वामी तुलसीदासजी ने कितना  सुंदर चित्रण सांग रूपक के माध्यम से प्रस्तुत किया है --
राम भक्ति जहँ सुरसरि धारा(गंगा)
सरसइ ब्रह्म बिचार प्रचारा॥ ( सरस्वती)
बिधि निषेधमय कलिमल हरनी। 
करम कथा रबिनंदनि बरनी॥ (यमुना)
हरि हर कथा बिराजति बेनी।  (त्रिबेनी)
सुनत सकल मुद मंगल देनी॥ (मुद मंगल )
बटु बिस्वास अचल निज धरमा।( अक्षय वट)
तीरथराज समाज सुकरमा॥ (तीर्थ राज प्रयाग)
 अतः ऐसे संतो का हमे हमेशा आदर-सम्मान करना चाहिए और इनके सत्सङ्ग से तीर्थराज प्रयाग सा सारा आनन्द-कल्याण प्राप्त चाहिए।जय श्रीराम जय हनुमान।
                   ।।धन्यवाद।।

√कामदेव के पर्यायवाची

        ।।  कामदेव के पर्यायवाची ।।
         { 6 सोरठों में 58 पर्याय } 
वसंतबंधु झषांक ,झषकेतु रतिनाथ मदन।
रतिनायक रतिकांत , रतिनाह रतिराज मयन।।1।।
अनन्यज अंगहीन , वसंतसखा आत्मजात।
मनोभू मकरध्वज,  मधुसख मनसिज मनजात।।2।।
दर्पक काम मनोज, पुष्पधनु शंबरारि स्मर।
आत्मज अतनु अदेह ,क्यूपिड(cupid)रतिप्रिय रतिवर।।3।
अशरीर  कुसुमबाण ,रतिपति मन्मथ पंचशर।
आत्मभू पुष्पायुध, रतिरमण मार पुष्पशर।।4।।
प्रेमदेव प्रद्युम्न, पुष्पधन्वा पुष्पकेतु
पुष्पेषु पुष्पचाप , मीनकेतन मीनकेतु।।5।।
कुसुमायुध कंदर्प, अनंग अंगज असमशर।।
अनंगी कामदेव, कुसुमधन्वा व कुसुमशर।।6।।
                 ।।। धन्यवाद ।।।